इटारसी। शहर के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। पंडित भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 463 गरीब परिवारों के जीवन में नया सवेरा आया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत इन परिवारों को 11.5 करोड़ रुपए की कुल अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र सौंपे गए।जब विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने मंच से बुजुर्गों और महिलाओं को प्रमाण पत्र थमाए, तो ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी के आंसुओं का गवाह बना।
“सम्मान से जीने का अधिकार”
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि यह केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि मोदी की गारंटी है। हमारा संकल्प है कि हर सिर पर पक्की छत हो। इटारसी के विकास में आज का दिन एक मील का पत्थर है। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि परिषद का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2.50 लाख की राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में किस्तों में जमा की जाएगी।
कार्यक्रम की 5 बड़ी बातें
- बड़ी सौगात: एक साथ 463 परिवारों को पक्के मकान की अनुमति मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
- महिला सशक्तिकरण: योजना का मुख्य केंद्र महिलाएं रहीं, जिनके नाम पर आवास स्वीकृत कर उन्हें घर का मालिकाना हक दिया गया।
- पारदर्शिता: राशि सीधे बैंक खातों में जाएगी, जिससे भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हुई।
- मौके पर समाधान: सीएमओ रितु मेहरा और उनकी इंजीनियरिंग टीम ने कार्यक्रम स्थल पर ही तकनीकी शंकाओं को दूर किया।
- भावुक पल: कई वर्षों से कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रह रहे परिवारों के लिए यह ‘होली पर दिवाली’ जैसा अहसास रहा।
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी भाजपा जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना, ज्योति चौरे, उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत, और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी बने। साथ ही मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, मयंक मेहतो, सभापति राकेश जाधव, मंजीत कलोसिया, और पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार यादव सहित पूरी नगर पालिका टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन राहुल प्रधान ने किया।
एक नज़र आंकड़ों पर
कुल लाभार्थी परिवार 463, प्रति परिवार अनुदान 2.50 लाख रुपए, कुल स्वीकृत ग्रांट 11.5 करोड़ भुगतान का माध्यम सीधा बैंक खाता (किस्तों में) ।









