इटारसी। आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर से लेकर जंगलों तक दबिश देकर अवैध मदिरा और लाहन को नष्ट किया है। जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर के कई इलाकों में छापेमारी की।
ग्राम बुधवाड़ा में एक मोटरसाइकिल से देशी मदिरा (प्लेन) के 40 पाव ले जाते हुए आरोपी को पकड़ा। आबकारी विभाग ने शराब सहित अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है। कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य 1,10,000 रुपए आंका है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमंत चौकसे, मुख्य आरक्षक दुर्गाप्रसाद मांझी, रघुवीर प्रसाद निमोदा, धर्मेन्द्र वारंगे सहित नगर सैनिक रामोतार यादव व संतोष शुक्ला की सक्रिय भूमिका रही।
रामपुर पुलिस का जंगल ऑपरेशन
इधर, थाना रामपुर गुर्रा के अंतर्गत ग्राम कोठा में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बस्ती के पीछे घने जंगल का फायदा उठाकर अवैध शराब बनाने की तैयारी चल रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर रामपुर पुलिस ने जंगल में दबिश दी। पुलिस ने मौके पर 42 कुप्पों में भरी भारी मात्रा में लाहन बरामद की, जिसे तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। टीआई विपिन पाल ने कहा कि होली के पूर्व पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शांति व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ यह सख्ती लगातार जारी रहेगी।








