इटारसी। शहर में इस बार होलिका दहन के दूसरे दिन बुधवार को शहरवासियों द्वारा होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रंगों के इस त्योहार के दौरान शांति और सद्भावना बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मध्य प्रदेश शासन के आदेशानुसार और जिला कलेक्टर के निर्देश पर होली के अवसर पर ड्राई-डे घोषित किया गया था, जिसका इटारसी और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाई से पालन कराया गया।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की 22 दुकानें की गईं सील
मंगलवार रात को निर्धारित समय पर आबकारी विभाग की टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी मदिरा दुकानों को बंद कराकर सील करने की कार्रवाई की। आबकारी अधिकारी (शहरी वृत्त) हेमंत चौकसे के नेतृत्व में शहर की सभी 10 दुकानों को सील किया गया। औद्योगिक क्षेत्र (ग्रामीण वृत्त) अधिकारी केके पड़रिया और उनकी टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाली 12 दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। कुल मिलाकर क्षेत्र की सभी 22 देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों को ड्राई-डे के मद्देनजर बंद रखा गया, ताकि शहरवासी शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ रंगों का पर्व मना सकें।
अवैध शराब पर आबकारी टीम की पैनी नजर
दुकानें बंद कराने के साथ ही आबकारी विभाग की दोनों टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण करती दिखाई दीं। अधिकारियों के नेतृत्व में आबकारी पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में गश्त की, ताकि त्योहार के दौरान अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
शांति और सद्भावना के बीच मना पर्व
आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त सक्रियता का सकारात्मक असर शहर में देखने को मिला। शराब दुकानों के बंद होने से हुड़दंग की संभावनाओं पर अंकुश लगा और नागरिकों ने बिना किसी व्यवधान के एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। प्रशासन की इस मुस्तैदी की शहरवासियों ने भी सराहना की है।








