रितेश राठौर केसला। आदिवासी विकासखंड केसला के ग्राम केसला में होली पर्व के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेघनाथ बाबा के पारंपरिक मेले का आयोजन इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। दो तिथि पड़ने के कारण इस वर्ष मेला बुधवार 4 मार्च 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए।
मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मेघनाथ बाबा के स्थान पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल तथा परिवार की खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मेला कई वर्षों से क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। प्राचीन मान्यता के अनुसार होली के अवसर पर आदिवासी समाज अपने देवस्थल पर एकत्र होकर पूजा करता है।
पहले के समय में आदिवासी समाज अपने देव स्वरूपों के साथ यहां पहुंचते थे और उसी परंपरा के चलते मेघनाथ बाबा के स्थान पर यह मेला आयोजित किया जाता है।होली दहन के बाद रंगोत्सव के दिन आयोजित इस मेले में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, बच्चों के खिलौने और खान-पान की दुकानों से पूरा क्षेत्र गुलजार रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ देखने को मिली।
मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।यह मेला आदिवासी समाज की संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है।








