शहर में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने भी रंगों के त्योहार का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। सिटी थाना और जीआरपी थाने में पुलिस जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर तथा डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए होली मनाई।
होली के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पिछले तीन दिनों से लगातार दिन-रात ड्यूटी पर तैनात थे। लगातार ड्यूटी और व्यस्तता भरे माहौल के बाद गुरुवार को पुलिस जवानों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया।
सिटी थाने में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला और एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली खेली और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं जीआरपी थाने में थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में पूरे स्टाफ ने हर्षोल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया। इस दौरान पुलिस जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया और त्योहार की खुशियां साझा कीं।









