इटारसी नगर पालिका की नियमित बैठक न होने पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नगर पालिका अधिनियम के अनुसार परिषद की बैठक कम से कम हर 60 दिन में एक बार होना अनिवार्य है, लेकिन यहां नगर पालिका में पिछले करीब चार महीनों से कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है।
गोस्वामी ने कहा कि परिषद शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। यहां सड़क, नाली, पानी, सफाई, निर्माण कार्यों की मंजूरी, बजट और विभिन्न योजनाओं पर निर्णय लिए जाते हैं। लेकिन चार महीने से बैठक नहीं होने के कारण शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित पड़े हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नगर पालिका कुंभकर्ण की नींद में सोई हुई है, परिषद में मौजूद 34 वार्डों के जनप्रतिनिधि भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। गोस्वामी ने सवाल उठाया कि आखिर किस डर या किस एहसान के बोझ के कारण जनप्रतिनिधि अपनी आवाज नहीं उठा रहे हैं।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि परिषद के जनप्रतिनिधियों को जनता ने शहर के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, लेकिन यदि बैठक ही नहीं होगी तो विकास कार्यों और योजनाओं पर निर्णय कैसे लिए जाएंगे।
उन्होंने प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द नगर पालिका परिषद की बैठक बुलाई जाए, ताकि शहर के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।









