रितेश राठौर, केसला। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार की फिट इंडिया वूमेन पहल के तहत केसला विकासखंड में विभिन्न प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
ग्राम मोरपानी में विशेष स्वास्थ्य सत्र
इसी कड़ी में ग्राम मोरपानी में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया (खून की कमी) निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की, जहां विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
- नियमित दिनचर्या : पर्यवेक्षक सुश्री वंदना देवहरे ने महिलाओं को अपनी दिनचर्या और ऋतुचर्या में सुधार करने की सलाह दी। उन्होंने जीवन में ध्यान, योगासन और संतुलित आहार के महत्व पर विशेष जोर दिया।
- अधिकारों के प्रति जागरूकता : शौर्य दल की अध्यक्ष प्रिया ठाकुर ने महिलाओं को उनके कानूनी और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने संदेश दिया कि महिलाएं दूसरों की देखभाल के साथ-साथ स्वयं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दें। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में सहायिका नेहा कलमे का विशेष सहयोग रहा।









