इटारसी। रंग पंचमी के पावन पर्व से एक दिन पूर्व शनिवार को शहर के प्रसिद्ध श्री हनुमान धाम मंदिर में होली का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और रंगों के अनूठे संगम का केंद्र बना रहा।
भजन-कीर्तन और गुलाल की होली
उत्सव की शुरुआत दोपहर से हुई, जहां बड़ी संख्या में एकत्र महिला श्रद्धालुओं और भक्तों ने भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी। मंदिर परिसर गुलाल के रंगों और भक्तिमय गीतों से सराबोर हो गया। भक्तों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी।
आकर्षण का केंद्र रही फूलों की होली
शाम 7 बजे से मंदिर में विशेष फूलों की होली का आयोजन किया गया। फाग गीतों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी और अन्य देवी-देवताओं के साथ फूलों से होली खेली। वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक उल्लास में डूबा रहा और सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति के सदस्य लखन बेस ने बताया कि हनुमान धाम मंदिर में प्रतिवर्ष इसी तरह पारंपरिक रूप से होली उत्सव मनाया जाता है। इसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।









