सिवनीमालवा। नगर के सब्जी बाजार स्थित बिजली ऑफिस के पास श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के चैनल गेट और लकड़ी के दरवाजे का ताला तोड़कर दानपेटी में रखे करीब 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार मस्जिद मोहल्ला निवासी महेश राठौर (65 वर्ष), जो श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर रणछोड़दास ट्रस्ट राठौर समाज सिवनी मालवा के ट्रस्टी हैं, उन्होंने थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मंदिर में पुजारी अशोक शर्मा पूजा-पाठ का कार्य करते हैं और प्रतिदिन रात करीब 9 बजे मंदिर में ताला लगाकर घर चले जाते हैं।
सोमवार 9 मार्च की रात को भी वे मंदिर में ताला लगाकर घर गए थे।मंगलवार 10 मार्च की सुबह करीब 7:15 बजे जब पुजारी अशोक शर्मा मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने ट्रस्टी महेश राठौर सहित अन्य ट्रस्टी राजू राठौर, देवनारायण राठौर और मदनलाल राठौर को सूचना दी। सभी के मौके पर पहुंचने पर मंदिर के अंदर जाकर देखा तो दानपेटी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 40 हजार रुपये गायब थे।अनुमान लगाया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने सोमवार रात करीब 12 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।









