इटारसी। शहर के चामुंडा चौराहा, गांधीनगर क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 11 मार्च की रात लगभग 20 बजे की है, जिसकी रिपोर्ट उसी रात 23:07 बजे दर्ज कराई गई। फरियादी आर्यन पटेल, पिता देवेन्द्र पटेल निवासी चामुंडा चौराहा, इटारसी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी आनंद पटेल, पिता कृष्ण कुमार पटेल उम्र 45 साल, निवासी गांधीनगर ने बालाजी स्टेशनरी के पास उसके साथ अभद्रता की।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी आनंद पटेल ने फरियादी को सरेराह गंदी-गंदी गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी। इटारसी पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।









