इटारसी। नर्मदापुरम जिले के ग्राम सुपरली के एक कलाकार ने अनाज के माध्यम से विश्व शांति का अनूठा संदेश दिया है। खाड़ी युद्ध की विभीषिका और उससे होने वाले विनाश को लेकर कलाकार ने न केवल अनाज से कलाकृतियां उकेरी हैं, बल्कि जलीय जीवों के दर्द को भी अपनी कला के माध्यम से व्यक्त किया है ।
अनाज के जरिए विश्व के शक्तिशाली नेताओं से अपील
कलाकार योगेन्द्र पाल सिंह सोलंकी ने अनाज का उपयोग करके खाड़ी युद्ध में शामिल विभिन्न राष्ट्रों के प्रमुखों के चित्र बनाए हैं । इनमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजराइल के प्रधानमंत्री, और ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई सहित कुवैत, बहरीन, यमन, फिलिस्तीन और यूएई के प्रिंस के फोटो शामिल हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से यह दर्शाया है कि युद्ध के कारण विश्व में अनाज का गंभीर संकट उत्पन्न होगा, अत: मानवता और अनाज के अस्तित्व को बचाने के लिए युद्ध को तुरंत रोका जाना चाहिए ।
जलीय जीवों का दर्द : ‘बारूद का खेल बंद करो’
युद्ध का प्रभाव केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि बेजुबान जलीय जीवों पर भी पड़ रहा है । कलाकार ने अनाज से एक ‘डालफिन मछली’ की आकृति बनाई है, जो युद्धरत देशों से मार्मिक अपील कर रही है।
- मार्मिक संदेश : कलाकृति के साथ लिखे संदेश में डालफिन की ओर से कहा है, ‘हे बुद्धिमान मानव, हम जल के प्राणी आपके दोस्त हैं, आपके बारूद के खेल से हमें परेशानी हो रही है। हमारे खून से लिखी अपील की लाज रखो और बारूद का खेल बंद करो’।
- व्यापक प्रभाव : संदेश में चेतावनी दी गई है कि युद्ध से केवल जल ही नहीं, बल्कि थल और नभ के प्राणी भी किसी न किसी रूप में प्रभावित होंगे ।
कलाकार का परिचय
यह सराहनीय कार्य नर्मदापुरम के ग्राम सुपरली पोस्ट डोलरिया निवासी योगेन्द्र पाल सिंह सोलंकी (मो. 7879427854) ने किया है। उन्होंने अपनी कला को विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है।









