इटारसी। वैश्विक तनाव के चलते उत्पन्न हुए गैस संकट के बीच स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। गुरुवार को इटारसी अनुविभाग कार्यालय में अनुभागीय अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के सभी एलपीजी गैस वितरकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु और कड़े निर्देश
- स्टॉक की निगरानी: बैठक में सभी गैस वितरकों से उनके वर्तमान स्टॉक और मासिक मांग-आपूर्ति (घरेलू एवं व्यावसायिक) का विस्तृत ब्योरा लिया गया।
- व्यावसायिक गैस पर प्रतिबंध: शासन के सख्त निर्देशों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई अब केवल अस्पतालों और अनिवार्य शासकीय संस्थाओं तक ही सीमित रहेगी। होटलों और अन्य निजी व्यावसायिक केंद्रों के लिए फिलहाल आपूर्ति प्रतिबंधित रहेगी।
- घरेलू उपभोक्ताओं को राहत: आम जनता को राहत देते हुए प्रशासन ने वितरकों को निर्देशित किया है कि घरेलू गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रखी जाए। वितरकों को यह भी कहा गया है कि वे अपने उपभोक्ताओं को सप्लाई की निरंतरता के बारे में सूचित करें ताकि किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी न मचे।
- नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी: बैठक में उपस्थित वितरकों को शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की हिदायत दी गई है। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या नियमों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन का दावा है कि आम नागरिक पैनिक न करें, घरेलू गैस की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। व्यावसायिक सिलेंडरों का उपयोग फिलहाल केवल अति-आवश्यक सेवाओं के लिए सुरक्षित रखा है।








