इटारसी। डेयरी फार्म कीरतपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। घटना में दोनों पक्षों को चोटें आई हैं। पथरोटा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर परस्पर विरोधी मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष से सुनील पिता भगवानदास शर्मा 38 वर्ष ने पुलिस को बताया कि आरोपी रंजीत पिता मदनलाल नागेश, उसकी पत्नी उषा नागेश और सीताराम मेहरा ने उनके घर के सामने उनके साथ गाली-गलौज की। जब सुनील ने विरोध किया, तो आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से रंजीत पिता मदनलाल नागेश 45 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई कि विवाद के दौरान सुनील पिता भगवानदास शर्मा ने उनके घर के आंगन में घुसकर अभद्रता की। रंजीत का आरोप है कि सुनील शर्मा ने उन्हें और उनकी पत्नी उषा नागेश को गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रंजीत की शिकायत पर सुनील शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।







