इटारसी। मध्यप्रदेश में गौ संरक्षण और गौ माता को राज्य माता का सम्मान दिलाने की मांग अब तेज होने लगी है। प्रखर वक्ता पंडित अनुराग भार्गव ने इस संबंध में मध्यप्रदेश सरकार को 33 दिनों का कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार इस समयावधि में सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो राजधानी भोपाल में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पंडित अनुराग भार्गव ने घोषणा की है कि निर्धारित 33 दिनों के भीतर यदि गौ माता को राज्य माता घोषित नहीं किया गया, तो प्रदेश भर के संत-महंत और गौ भक्त भोपाल में गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध के लिए जुटेंगे। उन्होंने इस आंदोलन को गोप्रतिष्ठार्थ धर्मयुद्ध शंखनाद का नाम दिया है, जिसमें प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों के शामिल होने का दावा किया गया है।
सरकार से निवेदन करते हुए भार्गव ने कहा कि गौ माता न केवल भारतीय संस्कृति और सनातन आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मुख्य धुरी भी हैं। उन्हें राज्य स्तर पर सर्वोच्च सम्मान मिलना प्रदेश के गौ संरक्षण प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगा।








