इटारसी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम माह मार्च में शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्युत विभाग ने कमर कस ली है। शहर में बकाया वसूली के लिए सघन अभियान छेड़ दिया गया है, जिसके तहत लंबे समय से बिल जमा न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काटे जा रहे हैं।
प्रतिदिन का लक्ष्य, मैदान में उतरीं टीमें
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है। विभाग की कई टीमें प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में पहुंच रही हैं। जिन उपभोक्ताओं पर बड़ी राशि बकाया है, उनके कनेक्शन मौके पर ही विच्छेदित किए जा रहे हैं।
कनेक्शन कटा तो लगेगा भारी जुर्माना
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एक बार कनेक्शन कटने के बाद बिजली बहाल कराना उपभोक्ताओं के लिए महंगा साबित होगा। पुन: बिजली चालू कराने के लिए उपभोक्ता को संपूर्ण बकाया राशि जमा करनी होगी, नियमानुसार विलंब शुल्क देना होगा, अतिरिक्त पुन: संयोजन शुल्क भी जमा करना होगा।
विभाग ने यह साफ कर दिया है कि यह अभियान 30 मार्च तक बिना रुके लगातार जारी रहेगा। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय कार्रवाई और असुविधा से बचने के लिए तत्काल अपने बकाया बिलों का भुगतान करें। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बिल जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।








