इटारसी। अभी गर्मी ने पूरी तरह दस्तक भी नहीं दी है और नगर पालिका की लापरवाही के चलते वार्ड क्रमांक 12 के 6 प्रमुख ट्यूबवेल बंद पड़े हैं, जिससे स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
शनिवार को नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी और पूर्व पार्षद रजनीकांत सोनकर ने वार्ड का दौरा कर जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान पाया कि रेलवे लाइन पुलिया, सोनी के मकान के पास, गुरुद्वारा चौराहा, पत्थर वाली गली, काबेरी स्टेट के सामने और काबेरी स्टेट तिराहे पर लगे ट्यूबवेल महीनों से कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने तत्काल नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे से दूरभाष पर चर्चा की। साथ ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित पत्र भेजकर चेताया कि यदि जल्द ही इन ट्यूबवेलों को चालू नहीं किया गया, तो आने वाले भीषण गर्मी के दिनों में स्थिति विस्फोटक हो सकती है। चर्चा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया है कि वह स्वयं इस मामले की जांच करवाएंगे और तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द से जल्द इन पंपों को सुचारू रूप से चालू करवाया जाएगा।
इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के साथ पूर्व पार्षद रजनीकांत सोनकर, बंटी यादव, चंदू दुबे, सोनू बकोरिया, राजेन्द्र गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे, जिन्होंने एक सुर में नगर पालिका से तत्काल राहत देने की मांग की।









