- भूमिपूजन समारोह में विधायक डॉ. शर्मा और नपा अध्यक्ष ने विरोधियों को घेरा
इटारसी। न्यास कॉलोनी के पीछे स्थित समरसता नगर के निवासियों के लिए शनिवार का दिन सौगातों भरा रहा। यहां के 50 गरीब परिवारों के घरों पर टीन शेड हटाकर सीमेंट की पक्की छत बनाने हेतु 45 लाख रुपये की विशेष निधि से होने वाले निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि नियम जनता की सुविधा के लिए होते हैं। यदि किसी प्यासे को पानी पिलाने या गरीब को छत देने के लिए नियमों की सीमा लांघनी पड़ी, तो वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने विरोधियों और कथित ब्लैकमेलरों पर प्रहार करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता गरीबों को मूलभूत सुविधाएं देना है।
नपा अध्यक्ष का कांग्रेस पर प्रहार
नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने जल संकट के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मेहराघाट जलावर्धन योजना में पिछली परिषद की गलतियों के कारण आज हमें गालियां सुननी पड़ रही हैं, लेकिन हम जल्द ही घर-घर पानी पहुंचाएंगे। उन्होंने अधिकारियों का पक्ष लेते हुए कहा कि विकास कार्यों में कुछ लोग नियमों का बहाना बनाकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

योजना के मुख्य बिंदु
- लाभार्थी – 50 परिवार।
- लागत – 45 लाख रुपये।
- अन्य कार्य – नवीन सामुदायिक शौचालय का निर्माण एवं जल संकट हेतु टैंकरों की व्यवस्था।
इस अवसर पर एसडीएम नीलेश शर्मा, सीएमओ रितु मेहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वनाथ सिंघल, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, महामंत्री शैलेंद्र दुके, सभापति राकेश जाधव, मंजीत कलोसिया, पार्षद जिमी कैथवास, कुंदन गौर, अमित विश्वास, शुभम गौर, पार्षद प्रतिनिधि मनीष ठाकुर, राजकुमार यादव, राहुल पटेल, एई मीनाक्षी चौधरी, उपयंत्री मयंक अरोरा एवं महिला बाल विकास अधिकारी दीप्ति शुक्ला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।









