इटारसी। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण 2.0 के निर्देशानुसार 1 मार्च से 15 मार्च तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत ग्राम पंचायत तवानगर के समस्त केंद्रों पर व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सेक्टर पर्यवेक्षक चेतना ढीवरे ने बताया कि इस पखवाड़े को साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुसार मनाया जा रहा है। प्रथम सप्ताह में केंद्रों की खिड़कियों, दीवारों और भंडारण डिब्बों की सघन सफाई के साथ अनुपयोगी सामग्री को हटाया गया। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक मुक्त परिवेश के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सप्ताह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नफीसा द्वारा महिलाओं और बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के व्यावहारिक गुर सिखाए गए। इसमें शौचालय की सफाई, सुरक्षित जल का महत्व और बच्चों को हैंडवॉश के चरणों की जानकारी दी गई। इस दौरान गर्भवती व धात्री महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।









