इटारसी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ मुख्य शाखा इटारसी ने शनिवार को महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिचालन, वाणिज्य, इलेक्ट्रिकल और चिकित्सा जैसे विभिन्न विभागों की सैकड़ों महिला रेल कर्मचारियों ने संगठन की शक्ति को मजबूत करने का संकल्प लिया।
हल्के कार्य और सुविधाओं के लिए संघर्ष का संकल्प
महामंत्री अशोक शर्मा के निर्देशों का हवाला देते हुए वक्ताओं ने कहा कि रेलवे बोर्ड से महिला ट्रैकमेन और पॉइंट्समैन साथियों के लिए ‘कैडर चेंज’ और हल्के कार्यों की व्यवस्था कराने के प्रयास जारी हैं। साथ ही, हर डिपो में महिला कर्मचारियों के लिए वॉटर प्यूरीफायर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य नगरपालिका अधिकारी ऋतु मेहरा, जोनल महिला संरक्षक गीता पांडे, पूर्व नपा अध्यक्ष नीलम गांधी और मुख्य शाखा उपाध्यक्ष अदिति जेम्स उपस्थित रहीं। अतिथियों ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य शाखा अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने सभी महिला रेल कर्मचारियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संचालन मुख्यालय कार्यकारिणी सदस्य राजेश गौर ने किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी सौरभ गुप्ता, मोहित, रविंद्र चौधरी, विकास कश्यप सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









