इटारसी। 14 मार्च 2026इटारसी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को लोहारिया रोड क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस ने राठी आटा मिल के पास लावारिस खड़ी एक स्कूटी से अवैध देशी शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार, खेड़ा इटारसी क्षेत्र के अंतर्गत लोहारिया रोड पर राठी आटा मिल के आगे सड़क किनारे एक संदिग्ध जुपिटर स्कूटी खड़ी पाई गई। जब पुलिस टीम ने स्कूटी की तलाशी ली, तो उसके पायदान पर रखी दो प्लास्टिक की बोरियों ने संदेह पैदा किया।
बोरियों को खोलने पर उनमें अवैध शराब के 176 क्वाटर बरामद हुए। पुलिस ने जब्त शराब की कुल मात्रा 31.680 लीटर बताई है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 10,560 रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ ही जुपिटर स्कूटी को भी विधिवत जप्त कर लिया है। मौके से आरोपी फरार होने में सफल रहा, जिसके चलते पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब स्कूटी के नंबर और आसपास के इनपुट्स के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।







