इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक ढाबे पर शराब पीने से रोकने और अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर तीन युवकों द्वारा ढाबा संचालक और कर्मचारी के साथ गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 12 मार्च 2026 की रात लगभग 01:32 बजे की है। फरियादी अनिल यादव पिता महेश यादव, निवासी पुरानी इटारसी, जो यादव ढाबा (फोरलेन, पथरोटा) के संचालक हैं, ने पुलिस को बताया कि उस वक्त वे अपने ढाबे पर मौजूद थे।
तभी पुरानी इटारसी निवासी तीन युवक राहुल धुर्वे, दीपक केवट और वरुण बरखड़े नशे की हालत में वहां पहुंचे। आरोपी युवक ढाबे पर बैठकर शराब पीने की जिद करने लगे। जब ढाबा कर्मचारी नीरज स्वाला ने उन्हें वहां शराब पीने से मना किया, तो तीनों आरोपी उग्र हो गए और कर्मचारी को मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे।
बीच-बचाव करने पर दी जान से मारने की धमकी
जब संचालक अनिल यादव ने हस्तक्षेप कर उन्हें समझाने की कोशिश की और गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि अगर अगली बार हमें ढाबे पर बैठकर शराब पीने से मना किया, तो जान से खत्म कर देंगे। घटना के वक्त वहां मौजूद अन्य कर्मचारी और अजय सुनानिया व संजू झारबडे भी इस विवाद के साक्षी रहे।
पुलिस कार्रवाई और देरी का कारण
फरियादी ने बताया कि घर में शादी समारोह होने के कारण वे तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आ सके थे। रविवार, 14 मार्च को थाना पथरोटा पहुंचकर उन्होंने मामला दर्ज कराया। हेड कांस्टेबल दीपक जनोरिया को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







