इटारसी। शहर के ऐतिहासिक और श्रद्धा के केंद्र श्री बूढ़ी माता मंदिर परिसर मालवीय गंज में आज रविवार, एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति की सरिता बह रही है। श्री रामचरितमानस सत्संग परिवार द्वारा आयोजित इस विशेष ‘श्री नट्टी रामायण जी’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ लेने उमड़ पड़े हैं।
सुबह 10 बजे से निरंतर जारी यह सत्संग शाम 5 बजे तक चलेगा। इस आयोजन में तीन जिलों के मूर्धन्य विद्वान, प्रवक्ता और गायक साधक शिरकत कर रहे हैं। इनके द्वारा श्री रामचरितमानस की चौपाइयों का भावपूर्ण वाचन और प्रवचन दिया जा रहा है। श्री बूढ़ी माता मंदिर समिति के सचिव जगदीश मालवीय ने बताया कि मंदिर परिसर में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए इस भव्य सत्संग का आयोजन किया गया है।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। मानस की गूंज से पूरा मालवीय गंज क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु न केवल इटारसी बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी इस ‘श्री नट्टी रामायण जी’ पाठ का श्रवण करने पहुंचे हैं। शाम 5 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रवचनों के माध्यम से जीवन दर्शन और भक्ति मार्ग पर प्रकाश डाला जा रहा है।









