इटारसी। भीषण गर्मी के दस्तक देते ही यात्रियों और आमजन की सुविधा के लिए इटारसी केमिस्ट एसोसिएशन ने एक सराहनीय पहल की है। रविवार को बस स्टैंड पर एसोसिएशन ने भेंट किए वॉटर कूलर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया।
दवा के बाद अब दुआओं का काम
शुभारंभ अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शमा ने केमिस्ट साथियों के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा, दवा व्यापारी अभी तक मरीजों को औषधियां उपलब्ध कराकर सेवा करते आए हैं, लेकिन अब बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर ठंडे पानी की व्यवस्था कर उन्होंने प्यासों की सेवा का भी बीड़ा उठाया है। यह एक अत्यंत पुनीत कार्य है।
एसोसिएशन का संकल्प
इटारसी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष कामेश अग्रवाल ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी दवा व्यापारियों और साथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन सह-सचिव राकेश दुबे ने किया, जबकि अंत में सचिव अभिषेक साहू ने उपस्थित अतिथियों और साथियों का आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल चौरे, स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव, पार्षद व सभापति मंजीत कलोसिया, नगरपालिका उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा, केमिस्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नीरज गोयल सहित शहर के बड़ी संख्या में दवा विक्रेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









