इटारसी। जनजातीय सुरक्षा मंच केसला विकासखंड द्वारा आयोजित विशेष कार्यशाला में संगठन की मजबूती और समाज के हितों को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लक्ष्मी नारायण बामने क्षेत्रीय शिक्षा सह प्रमुख, वनवासी कल्याण परिषद और मुख्य अतिथि भूरेलाल उईके जिला संयोजक रहे।
महारैली पर केंद्रित रही चर्चा
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी 24 मई को दिल्ली में आयोजित होने वाली दिल्ली चलो महारैली को सफल बनाना है। वक्ताओं ने जनजातीय समाज के अधिकारों और संवैधानिक सुरक्षा पर जोर देते हुए अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक संयोजक सौरभ सोलंकी, बबलू उईके, सरपंच मोहन उईके, समाजसेवी तारा बरखडे, जिला महिला प्रमुख बेबी उईके और वरिष्ठ समाजसेवी अमित प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे। बैठक का समापन जनजातीय अधिकारों के प्रति सजग रहने और संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।









