इटारसी। शहर के व्यस्त डायवर्सन तिराहे के पास रविवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद गाड़ी सीज करने की पुरानी बात को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और जानलेवा हमले में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया है।
प्रथम पक्ष के फरियादी आर्यन राजपूत निवासी अवध नगर ने पुलिस को बताया कि 15 मार्च की शाम करीब 4:30 बजे जब वह डायवर्सन तिराहे के पास था, तब आरोपी राज गुप्ता, सोनू उर्फ सुनील, दीपक अहिरवार और संदीप अहिरवार सभी निवासी इटारसी ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोका। आरोपियों ने अभद्र गालियां देते हुए बेल्ट और लोहे की रॉड से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इटारसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है।
फरसी और तलवार से हमले का आरोप
डायवर्सन तिराहे पर हुई मारपीट के मामले में दूसरे पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने फरसी और तलवार जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल किया। दूसरे पक्ष के फरियादी सोनू राजपूत उम्र 22 वर्ष, निवासी अवध नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गाड़ी सीज करने के विवाद को लेकर अभिषेक राजपूत, आर्यन राजपूत, किस्सू उर्फ कृष्णा राजपूत और अमन राजोरिया ने उसे घेरा। आरोपियों ने गंदी गालियां दीं और फरसी, लोहे की टॉमी व तलवार जैसे हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया है।








