इटारसी। शहर के सूरजगंज क्षेत्र स्थित पुरानी आर्य कन्या शाला के बंद पड़े परिसर में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। बिन्द्रा वालों की गली में स्थित इस परिसर से सुबह करीब 10 बजे लपटें उठती देख आसपास के रहवासियों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर फाइटर हेमंत चौधरी और रविशंकर उईके फायर वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर लंबे समय से बंद है और वहां सूखी घास व कचरा जमा होने के कारण आग तेजी से भड़क गई थी।
गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे पास स्थित मकान और दुकानें चपेट में आने से बच गईं। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है। फायर विभाग ने गर्मी के मौसम को देखते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे खाली परिसरों में ज्वलनशील सामग्री व कचरा जमा न होने दें।









