इटारसी। वरिष्ठ नागरिक मंच इटारसी ने ग्राम भीलाखेड़ी में सुंदरकांड रामायण मंडल एवं पंचायत के सहयोग से एक दिवसीय मुख दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया। पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
शिविर का शुभारंभ पंचायत अध्यक्ष अखिलेश सिंह सोलंकी एवं कृषक नेता हरपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष डॉ. विनोद सीरिया, सचिव विजय मंडलोई और दंत चिकित्सक डॉ. केसी साहू का स्वागत किया। डॉ. साहू ने 100 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दांतों और मसूड़ों को सुरक्षित रखने के उपाय बताए।
चिकित्सा प्रतिनिधि अनुपमा उईके ने बच्चों को ब्रश करने का सही तरीका सिखाया और माउथवॉश व पेस्ट का वितरण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रूपेंद्र सिंह सोलंकी, हेमंत सिंह सोलंकी, राजेश व्यास, सुधीर गोठी, राजकुमार दुबे और अनिल यादव सहित चिकित्सा टीम का सराहनीय योगदान रहा।









