केसला। नर्मदापुरम जिले के केसला थाना अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूनी कोठरी को निशाना बनाते हुए पशुधन पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने किसान के घर के पास बनी कोठरी से कुल 6 नग बकरा-बकरी चोरी कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी शोभाराम धुर्वे 45 वर्ष, पिता श्रीपाल धुर्वे, निवासी धार के पास, ग्राम बोरखेड़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 16 मार्च 2026 की दरमियानी रात करीब 02 बजे की है। बताया जा रहा है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घर के समीप बने मवेशी कोठरी में प्रवेश किया और वहां बंधे 6 बकरा-बकरी चोरी कर लिए। आशंका जताई जा रही है कि चोर मवेशियों को किसी वाहन में भरकर ले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केसला पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीडि़त किसान शोभाराम ने बताया कि सुबह करीब 10:18 बजे जब चोरी का पता चला, तब तक चोर काफी दूर निकल चुके थे। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।









