इटारसी। ग्वाल बाबा क्षेत्र में आज यातायात जागरूकता को लेकर एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। यातायात जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत अपर जिला सत्र न्यायाधीश आदित्य रावत ने स्वयं सड़क पर उतरकर लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने न केवल लोगों को नियमों की जानकारी दी, बल्कि सुरक्षा के प्रति सजग नागरिकों का उत्साहवर्धन भी किया।
अनुशासन का गुलाब से सम्मान
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि जो दुपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे थे, उन्हें एडीजे आदित्य रावत ने गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया। न्यायाधीश ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है। कानून का पालन करने वाले नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं।
लापरवाही पर समझाइश
वहीं, बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर सख्त लहजे में समझाइश दी गई। उन्हें बताया कि उनकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल उनके लिए, बल्कि उनके परिवार के लिए भी घातक सिद्ध हो सकती है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से ज्यादा नागरिकों में सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक बदलाव लाना है।
जागरूकता ही एकमात्र समाधान
ग्वाल बाबा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में टीआई गौरव बुंदेला सहित स्थानीय पुलिस और यातायात विभाग की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को केवल जन-भागीदारी और जागरूकता से ही कम किया जा सकता है। न्यायाधीश की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।









