इटारसी। नर्मदापुरम जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती प्रदान करने की दिशा में शासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मध्य प्रदेश शासन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश स्तर पर मेडिकल स्पेशलिस्टों की नियुक्ति सूची जारी की है, जिसमें इटारसी के सिविल अस्पताल को भी एक नया विशेषज्ञ चिकित्सक मिला है।
डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर की नियुक्ति
भोपाल मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित उम्मीदवारों में से डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर को इटारसी सिविल अस्पताल में मेडिकल स्पेशलिस्ट (प्रथम श्रेणी) के पद पर पदस्थ किया है। डॉ. गंभीर की इस नियुक्ति से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ बेहतर ढंग से मिल सकेगा।
दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति
राज्य शासन ने इन नियुक्तियों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर प्रभावी किया है। जारी आदेश के तहत नवनियुक्त चिकित्सकों को मध्य प्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम, 2017 के पे-मैट्रिक्स लेवल 13 के अनुसार वेतनमान देय होगा।
बेहतर होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
इटारसी का सिविल अस्पताल रेल जंक्शन और मुख्य मार्ग पर होने के कारण मरीजों के दबाव वाला केंद्र रहता है। लंबे समय से यहां विशेषज्ञों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर की पदस्थापना के बाद अस्पताल की विशेषज्ञ सेवाओं में विस्तार होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।








