इटारसी। मानवता की सेवा और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के खिलाफ अलख जगाने वाले शरद फाउंडेशन के संचालक एवं थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्यप्रदेश के प्रदेश सचिव इंजीनियर शशांक राजपूत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भगत सिंह यूथ ब्रिगेड द्वारा मोक्ष धाम गया जी में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ।
इन विशेष प्रयासों के लिए मिला सम्मान
समारोह में इंजीनियर शशांक राजपूत को थैलेसीमिया एवं सिकल सेल बीमारी की रोकथाम हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। संस्था द्वारा पीडि़त बच्चों के लिए रक्त, दवाइयां, एचएलए कैंप, फिल्टर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।
सम्मान पूरी टीम को समर्पित
सम्मान ग्रहण करते हुए शशांक राजपूत ने संस्था का प्रतिनिधित्व किया और इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम को दिया। अपने उद्बोधन में उन्होंने भारत के विभिन्न राज्यों— पंजाब, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित पड़ोसी देश नेपाल और भूटान से आए प्रतिनिधियों से इन बीमारियों की रोकथाम के लिए एकजुट होकर कार्य करने का निवेदन किया।
इस भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर की 120 से अधिक संस्थाओं ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद के प्रपौत्र पंडित अमित आजाद तिवारी सम्मिलित हुए, जिन्होंने सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा की।









