इटारसी। शहर के रिहायशी इलाके 12 बंगला में अवैध रूप से संचालित हो रहे केटरिंग सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निलेश शर्मा के कड़े निर्देशों पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर सख्त कदम उठाए गए।
घरेलू गैस का दुरुपयोग: 4 सिलेंडर जब्त
खाद्य विभाग और राजस्व की टीम ने संयुक्त निरीक्षण के दौरान पाया कि कई प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक उपयोग के बजाय सस्ते घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा था। मौके से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। संबंधित संचालकों के विरुद्ध LPG (Regulation of Supply and Distribution) Order, 2000 के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
रेलवे वेंडरों का ‘अघोषित’ हब बना 12 बंगला
बता दें कि 12 बंगला क्षेत्र पिछले कुछ समय से रेलवे स्टेशन के केटरिंग संचालकों का मुख्य केंद्र बन चुका है। बाहरी वेंडरों ने यहां मकान किराए पर लेकर या खरीदकर उन्हें अवैध रसोई (Kitchens) में तब्दील कर दिया है। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन रिहायशी मकानों में असुरक्षित तरीके से और बेहद गंदगी के बीच खान-पान सामग्री तैयार की जा रही है, जो जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
गंदगी और अवैध संचालन पर कड़ी नजर
पूर्व में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने यहां कई बार छापेमारी की है, जिसमें गंदगी के अंबार के बीच भोजन बनते पाया गया था। प्रशासन की सख्ती को देख कई बार वेंडर मौके से भाग खड़े होते हैं, लेकिन इस बार टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सतत निगरानी जारी रहेगी और रिहायशी इलाकों में चल रहे ऐसे अवैध व्यावसायिक ठिकानों को बख्शा नहीं जाएगा।









