इटारसी। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सदन में शून्यकाल के दौरान इटारसी क्षेत्र के पथरोटा नहर पुल पर हो रही घातक दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले मात्र 20 दिनों में यहां चार लोगों की जान जा चुकी है, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।
सांसद ने पुल की जर्जर रेलिंग, स्ट्रीट लाइट के अभाव और चेतावनी संकेतकों की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पुल की रेलिंग की तत्काल मरम्मत और मजबूतीकरण किया जाए, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड स्थापित हों।, पूरे क्षेत्र का सड़क सुरक्षा ऑडिट कराकर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।
श्रीमती नारोलिया ने चेतावनी दी कि आगामी त्योहारों और मेलों के कारण यातायात का दबाव बढ़ेगा, अत: समय रहते सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर अनुपालन रिपोर्ट पेश की जाए ताकि भविष्य में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।









