इटारसी। नगर की न्यास कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री बम बाबा दरबार में इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। दरबार समिति 19 मार्च से 29 माच तक 35 वे श्री शतचण्डी महायज्ञ का आयोजन कर रही है। 11 दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कलश यात्रा और अरणी मंथन से होगा श्रीगणेश
यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार, 19 मार्च को सुबह 8 बजे कलश यात्रा के साथ होगा, जो श्री बम बाबा दरबार से प्रारंभ होकर क्षेत्र का भ्रमण करेगी। इसी दिन दोपहर 4 बजे से अरणी मंथन एवं हवन का कार्य शुरू किया जाएगा।
धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा
- 20 मार्च से 27 मार्च : प्रतिदिन सुबह 9 से 12 बजे तक देवपूजन, दुर्गापाठ, अभिषेक एवं महायज्ञ संपन्न होगा।
- 27 मार्च शुक्रवार : भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव दोपहर 12 बजे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसके पश्चात शाम 4 से 7 बजे तक यज्ञ की पूर्णाहूति होगी।
- 28 मार्च शनिवार : विशाल भंडारा शाम 5 बजे से रात्रि 11 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
- 29 मार्च रविवार : शाम 5 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन हेतु नर्मदापुरम के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
मुख्य यजमान और आचार्य
इस वर्ष महायज्ञ के मुख्य यजमान श्रीमती संगीता त्रिपाठी एवं श्री चंद्रशेखर त्रिपाठी हैं। यज्ञ का सफल संचालन यज्ञाचार्य आचार्य पं. प्रमोद भार्गव शास्त्री महर्षि नगर, इटारसी के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
श्री बम बाबा दरबार समिति के अध्यक्ष बीबी तिवारी, सचिव संजय सोहनी और उपाध्यक्ष रमेश राजपूत सहित समस्त समिति सदस्यों ने धर्मप्रेमी जनता से इस महायज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।









