इटारसी। भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आयुध निर्माणियों का इतिहास आज भी गर्व और शौर्य की गाथा सुनाता है। इसी कड़ी में आज 18 मार्च 2026 को आयुध निर्माणी इटारसी में आयुध निर्माणी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
शहीदों को श्रद्धांजलि और कर्मचारियों का सम्मान
इस विशेष अवसर पर आयुध निर्माणी की प्रमुख यूनियनों बीएमएस यूनियन और एम्प्लॉइज यूनियन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किए। यूनियन पदाधिकारियों ने कारखाने के प्रवेश द्वार पर कर्मचारियों को शुभकामना बैच पहनाकर इस गौरवशाली दिन की बधाई दी। साथ ही, राष्ट्र सेवा के दौरान अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
221 वर्षों का स्वर्णिम इतिहास
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय आयुध निर्माणियों का 221 वर्षों का एक एकीकृत संगठन के रूप में स्वर्णिम इतिहास रहा है। देश के सैनिकों ने इन्हीं कारखानों में निर्मित हथियारों और उपकरणों के दम पर कई युद्धों में विजय प्राप्त की है। हालांकि, 1 अक्टूबर 2021 को हुए निगमीकरण के बाद इस दिवस की औपचारिकताओं में कमी आई है, लेकिन कर्मचारियों के बीच आज भी इस दिन का महत्व कम नहीं हुआ है।
इस अवसर पर बीएमएस यूनियन की ओर से कुलदीप चौधरी, कृष्ण शर्मा, राजेश रोशन, योगेश पटेल, सतेन्द्र शाक्या, दीपेश यादव, हमीर सिंह, जोधराज पारेता, आल्हा वर्मा और दिनेश यादव, एम्प्लॉइज यूनियन की ओर से रामकुमार चौधरी, माखन कहार, भागीरथ प्रसाद, जागेश कुमार, सतपाल मीणा, भारत कुमार, दिलीप पारेता, रामराज मीणा, प्रशांत गंदेवर, शिव कुमार वर्मा, ब्रजमोहन मीणा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।









