इटारसी। जिले में हरित क्रांति लाने वाले तवा जलाशय का पेट इस बार अल्पवर्षा से खाली पड़ा है। बारिश का आधा समय बीतने के बावजूद तवा बांध का जलस्तर अभी तक निर्धारित लेबल से काफी नीचे है। बारिश की वर्तमान स्थिति भी चिंताजनक है। अभी निर्धारित लेबल पर ही पानी नहीं पहुंचा है तो जाहिर है, गेट खुलने की कल्पना करना भी बेमानी है। कैंचमेंट एरिया में अच्छी बारिश न होने से बांध खाली है। मानूसन भी पूरी तरह से सक्रिय न होने से तवा प्रबंधन की चिंता बढ़ती जा रही है। यदि सितंबर माह तक अच्छी बारिश नहीं हुई तो आगामी सीजन में हरदा और होशंगाबाद जिलों में सिंचाई का पानी पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा।
जिले में अब तक 516.4 मिमी औसत वर्षा
जिले की सभी तहसीलों में पिछले 2 दिनों से हल्की वर्षा हो रही है। जिले में 8 अगस्त को सर्वाधिक 36.2 मिमी वर्षा पिपरिया तहसील में दर्ज की गई। इस दिन जिले में औसत 10.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले में 1 जून से अब तक 516.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस संबंध में अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया की अब तक तहसील होशंगाबाद मे 711.8 मिमी, सिवनीमालवा में 561 मिमी, इटारसी में 453 मिमी, बनखेड़ीं में 409.4 मिमी, बाबई में 255 मिमी, सोहागपुर में 506 मिमी पिपरिया में 602.6 मिमी तथा पंचमढ़ी में 632.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में 1200 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिसमें तहसील होशंगाबाद में 1378 मिमी, सिवनीमालवा में 1304.8 मिमी, इटारसी में 983.8 मिमी, बाबई मे 721 मिमी, सोहागपुर में 1141 मिमी पिपरिया में 1135.8 मिमी, बनखेड़ी में 963.7 मिमी तथा पंचमढ़ी में 1975.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
जिले में पिछले वर्ष की तुलना में आधी बारिश भी नहीं हुई है
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








