इटारसी। चलती ट्रेन में एक युवती से छेड़छाड़ की घटना हुई है, युवती के विरोध करने पर युवक ने उससे न सिर्फ अभद्रता की बल्कि युवती ने जब अपने पिता को बताया तो आरोपी ने उसके पिता को भी धमकाया। इटारसी ट्रेन आने पर युवती की शिकायत पर जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वाकया, 12742 पटना-वास्कोडिगामा एक्सप्रेस में गाडरवारा और पिपरिया के बीच का है। बेगूसराय बिहार की युवती अपने माता-पिता के साथ ट्रेन के कोच एस-9 में बर्थ क्रमांक 18,19 और 21 पर यात्रा कर रही थी। बीच में सीट नंबर 20 पर एक अन्य युवक था। युवती बर्थ नंबर 19 पर थी जो युवक के ठीक साइड में थी। ये लोग इलाज के लिए मुंबई जा रहे थे। इस बीच जब ट्रेन गाडरवारा से पिपरिया के बीच थी तो युवती के साइड में बैठा युवक अभिरंजन पिता वशिष्ठ चौबे ने युवती से स्पर्श करके अश्लील हरकतें शुरु कर दीं। युवती ने जब उसका विरोध किया तो युवती को वह धमकाने लगा। पीडि़ता ने अपने पिता को जब यह बात बतायी तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया। इस बीच ट्रेन जब इटारसी पहुंची तो युवती की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 354, 323, 506 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
घर में घुसकर छेड़छाड़
ग्राम मेहरागांव में गांव के ही निवासी दो युवकों ने बीती रात करीब 8 बजे एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ का प्रयास किया। उस वक्त महिला घर में अकेली थी। महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह घर में अकेली थी तो गांव के राजेश और सुभाष घुस आए और उससे छेड़छाड़ करने लगे। उसने विरोध किया और शोर मचाया तो दोनों भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 354 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
गाली-गलौच कर मारपीट
पुरानी इटारसी के काबड़ मोहल्ले में मजदूरी करने वाले एक युवक से मोहल्ले के ही एक युवक ने गाली-गलौच करके मारपीट की। इस दौरान आरोपी के हाथ में हंसिया भी था। फरियादी दिनेश पिता मोहन लाल उईके ने बताया कि वह अपने जीजा मनोज के घर काबड़ मोहल्ला में रहकर मजदूरी करता है। बीती रात 10 बजे संजय गज्जाम नामक युवक ने उसे अकारण रोककर उससे गाली-गलौच की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी पर 294, 323, 506 का मामला दर्ज किया।








