इटारसी। गांधी सभा भवन ट्रस्ट एवं वरिष्ठ नागरिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में आज गांधी जयंती मनायी गई। सुबह जयस्तंभ चौक से एक रैली निकाली गई जिसमें स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। इसके बाद गांधी स्टेडियम के सामने गांधी प्रतिमा के समक्ष गांधी विचार मंच ने एक कार्यक्रम भजनों की सुबह का आयोजन किया। यहां गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन किया तथा वक्ताओं ने गांधी जी से जुड़ी रोचक बातें बतायीं।
बापू को नमन किया
गांधी जयंती कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने सबसे पहले गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने भी पहुंचकर पहले गांधी जी की प्रतिमा पर फिर गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्र्यापण कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी करनसिंह तोमर, मंच के केएस उप्पल, स्वतंत्रता संग्राम उत्तराधिकारी संगठन के जयप्रकाश अग्रवाल, अशोक मालवीय, संयोजक राजकुमार दुबे, अध्यक्ष बृजमोहन सोलंकी, एनपी चिमानिया, सतीश गोठी, कांग्रेस नेता जसपाल सिंघ भाटिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, अशोक जैन सहित सेवादल के पदाधिकारी और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।








