इटारसी। मूर्ति विसर्जन करके लौट रहे बालाजी मंदिर के पास रहने वाले एक युवक को वहीं के एक बदमाश ने चाकू दिखाकर डराने का प्रयास किया है। युवक ने अपने साथ हुई घटना की शिकायत पुलिस को की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल पिता बृजकिशोर सराठे 26 वर्ष रात करीब ढाई बजे होशंगाबाद से मूर्ति विसर्जन करके लौट रहा था तो ओवरब्रिज पर शिव भाट नामक पुराने बदमाश ने उसे पुरानी बात को लेकर चाकू से डराया और धमकी भी दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 294, 324, 506 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
महिला को पत्थर मारा
थाना तवानगर के अंतर्गत बीती रात मालती बाई पति मोहन लाल सूर्यवंशी 53 वर्ष निवासी दुर्गा मंदिर चौक तवानगर को गांव के ही उमेश ठाकुर, सजंय परते निवासी काजलखेड़ी ने पत्थर से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 506, 34 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
ग्राम रैसलपुर में नंदन चक्की के सामने तीन युवकों ने एक युवक का रास्ता रोककर लात-घूंसों से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। महिला चित्रलेखा पति डालचंद पटेल 55 वर्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है कि राकेश ललसू चौरे, साहिल चौरे और रोहित चौरे ने पुरानी रंजिशवश उसके पुत्र राकेश पटेल का रास्ता रोका, गालियां दी और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 341, 294, 323, 506, 34 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इधर पुलिस ने शिवानी पति राजेश चौरे 35 वर्ष की शिकायत पर आरोपी राकेश पटेल पर मामला दर्ज किया है। शिवानी ने शिकायत दर्ज करायी है कि पुरानी रंजिशवश आरोपी ने पटेल मोहल्ला रैसलपुर में गालियां दीं, और ईंट से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।








