हेलीपेड पर नपाध्यक्ष ने किया स्वागत
इटारसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर यहां विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा और उनकी अर्धांगिनी श्रीमती कल्पना शर्मा से मुलाकात करने उनके निवास पर पहुंचे। भोपाल से हेलीकाफ्टर से इटारसी के रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर बने हेलीपेड पर नगर पालिका अध्यक्ष सुधा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिशंकर जैसवाल, प्रदेश पदाधिकारी पीयूष शर्मा, नगर अध्यक्ष नीरज जैन,विश्वनाथ सिंघल, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, भाजयुमो नगर अध्यक्ष राहुल चौरे सहित अनेक लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
शर्मा दंपति से मिले
हेलीपेड से मुख्यमंत्री श्री चौहान सीधे डॉ. शर्मा के निवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री गोपाल भार्गव श्रीमती कल्पना शर्मा के पिताश्री के पिछले दिनों हुए देहांत के बाद उनके यहां शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। करीब पंद्रह मिनट शर्मा दंपति के साथ मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री गोपाल भार्गव बैठे। इसके बाद होशंगाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हो गए।

भांजे से कहा, खूब पढ़ो, खर्च मैं दूंगा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा के निवास पर पुरानी इटारसी निवासी एक बच्चा भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचा था। अभिषेक राजपूत नामक पुरानी इटारसी के आचार्य मंगल भवन के सामने रहता है और उसके पिता लालू सिंह राजपूत सराफा व्यावसायी के यहां वाहन चालक हैं। बच्चे ने कहा कि उसे मामा से मिलना है तो डा. शर्मा ने बच्चे की इच्छा को पूर्ण करने उसे भी भीतर बुला लिया। बच्चे ने जब सीएम से मुलाकात की तो सीएम श्री चौहान ने उससे कहा कि वह खूब मेहनत करके पढ़ाई करे, उसकी पढ़ाई की पूरी फीस वे देंगे। अभिषेक सरस्वती स्कूल पुरानी इटारसी में कक्षा छटवी का छात्र है।









