इटारसी। आज करवा चौथ के बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी दिखाई दी। एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही के भरोसे दिनभर ट्रैफिक सुधार के प्रयास नाकाफी रहे और लोग मनमारी करके भीड़भरे बाजार में वाहन ले जाते रहे। सारा दिन बाजार में व्यवस्था बिगड़ी रही, लेकिन थाने से अतिरिक्त बल नहीं भेजा गया। शाम को सात बजे जब जयस्तंभ चौक के आसपास जाम लगने की स्थिति बनी तो केवल दो सिपाही भेजे गए। हालांकि रात के वक्त करवा चौथ का बाजार खत्म होने के साथ ही भीड़ कम हो गई। सवाल यह है कि आखिर, सामने बड़ा त्यौहार है, और उस दौरान होने वाली भीड़ को कैसे संभाला जा सकेगा। ऐसे में पचमढ़ी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल ऐसे त्यौहारों पर भेजे जाने चाहिए ताकि व्यवस्था में सुधार किये जा सकें।

करवा चौथ के बाजार में आज महिलाओं और अन्य खरीदारों को बदतर ट्रैफिक से परेशान होना पड़ा। जिसकी जहां मर्जी वाहन खड़ा करके व्यवस्था बिगाड़ रहा था। सूचना के बाद वहां पहुंचे ट्रैफिक अमले ने व्यवस्था बनाने का प्रयास किया, लेकिन एक थानेदार और एक सिपाही के भरोसे व्यवस्था नहीं बन पा रही थी। एक रास्ते से भीड़ में वाहन घुसने से रोका जा रहा था तो लोग दूसरे रास्ते से घुस जाते। हजारों की भीड़ में केवल दो लोग असहाय से थे, लेकिन, व्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास कर रहे थे। चिंताजनक यह है कि सिर्फ करवा चौथ के बाजार में यह आलम है तो दीवाली में क्या होगा?
इनका कहना है…!
हमारे पास हमको मिलाकर केवल दो ही लोग हैं। एक सिपाही और एक थानेदार के भरोसे हम जितना प्रयास कर सकते थे, कर रहे हैं। हमारे पास मनोबल तो है, लेकिन इतने वाहन और जनसंख्या के आगे हम जितना अच्छा कर सकते हैं, कर रहे हैं।
विजयशंकर द्विवेदी, ट्रैफिक निरीक्षक








