---Advertisement---

नयी पहल : अब जल्द ही आपके पास आएगा जैविक बाजार

By
On:
Follow Us

इटारसी। रासायनिक तत्वों से उपजायी सब्जियां, अनाज और फलों से होने वाले नुकसान से आमजन को बचाने ग्राम सेवा समिति रोहना, निटाया जल्द ही एक नयी पहल के साथ नागरिकों के समक्ष आ रही है। लगभग आठ माह से शहर के लोगों को जैविक उत्पाद उपलब्ध करा रही समिति की नयी पहल होगी, उपभोक्ताओं को उनके घर के आसपास ही ये चीजें उपलब्ध हो सकें। इसके लिए एक विशेष प्रकार का वाहन तैयार किया जा रहा है, जो शहर में घूम-घूमकर जैविक उत्पाद उपलब्ध करायेगा। एक खास बात और, कि अब जैविक उत्पाद सप्ताह में दो बार उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
अभी तक जैविक अनाज, तेल, मसाले, घी, सब्जियां, फल, दूध, छांछ आदि सप्ताह में एक बार उपलब्ध हो रहे हैं। ग्राम सेवा समिति रोहना ने माह में एक बार से इसे सप्ताह में एक बार उपलब्ध कराने के बाद सप्ताह में दो बार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। समिति के इस सप्ताह के बाजार में हुई समिति की बैठक में निर्णय लिया गया है कि उपभोक्ताओं की मांग पर अब जैविक उत्पाद सप्ताह में दो बार उपलब्ध कराये जाएं।

it20120 1

आपके आसपास ही उपलब्धता
जैविक बाजार के मार्गदर्शक प्रो.केएस उप्पल ने बताया कि अभी तक किसी एक स्थान पर जैविक कृषि उत्पादों का बाजार लग रहा है। पहले इसे ईश्वर रेस्टॉरेंट में लगाया गया था। वहां कुछ ही स्थानों के उपभोक्ता जैविक उत्पाद का क्रय करने पहुंचते थे। इसके बाद कावेरी एस्टेट में लगाया गया तो केवल कावेरी एस्टेट और वीआईपी कालोनी के उपभोक्ता ही पहुंच रहे थे। तीसरा स्थान है, पहली लाइन में लिबर्टी के सामने। यहां शहर के नागरिक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, इससे किसानों को अपने माल की खपत की चिंता भी दूर हो गयी है, लोगों को सहजता से जैविक कृषि उत्पाद भी मिलने लगे हैं। हालांकि अभी शहर का बड़ा हिस्सा जैविक कृषि उत्पाद से अछूता है। इसके लिए एक नयी योजना पर काम किया जा रहा है जो संभवत: गर्मी के मौसम तक क्रियान्वित कर ली जाएगी। इसके तहत आपके घर के आसपास ही आपको जैविक कृषि उत्पाद उपलब्ध हों, यह प्रयास किये जा रहे हैं।

विशेष वाहन आएगा आपके पास
ग्राम सेवा समिति द्वारा लगाये जा रहे जैविक बाजार का नेतृत्वकर्ता हेमंत दुबे जमानी ने बताया कि भोपाल की तर्ज पर एक विशेष वाहन तैयार करा रही है, जिसमें जैविक उत्पाद रखकर आपके घर के आसपास तक भेजे जाएंगे। जब वाहन तैयार हो जाएगा तो एक ही स्थान पर बाजार न लगाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में निर्धारित समय पर वाहन पहुंचेगा ताकि लोग जैविक कृषि उत्पाद की खरीदी अपने घर के आसपास ही कर सकें। इसके लिए शहर को चार या पांच जोन में विभाजित किया जाएगा। हर जोन में वाहन के पहुंचने का समय अलग-अलग रहेगा। अधिकतम दो घंटे के लिए एक स्थान पर वाहन रुकेगा, जहां लोग अपनी पसंद से फल, सब्जियां, अनाज या अन्य उत्पाद खरीद सकेंगे। इससे किसानों को गांव से शहर आकर सारा दिन अपने उत्पाद बेचने की झंझट से भी छुटकारा मिलेगा और खर्च कम होगा तो जैविक कृषि उत्पाद की कीमतों में भी कुछ कमी आ सकेगी।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Leave a Comment

error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.