इटारसी। अब शहर की स्ट्रीट लाइट अधिक दिन खराब नहीं रहेंगी। लिफ्टर के अभाव में लाइट सुधार में देरी होती थी। नपा के बिजली विभाग के कर्मचारी खंभों पर चढ़कर दिनभर में पांच से सात लैंपों में सुधार कार्य कर पाते थे, वे अब इससे दस गुना अधिक तेजी से कार्य कर सकेंगे।
ऊंचे खंभों पर लाइट दुरुस्त करने, लैंप बदलने का कार्य अब लिफ्टर से होगा। आज नगर पालिका के मशीनी बेड़े में एक लिफ्टर भी शामिल हो गया है। ओवर ब्रिज के नीचे स्थित नपा के स्टोर में दोपहर में विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, सभापति भरत वर्मा, राकेश जाधव, युवक मोर्चा अध्यक्ष राहुल चौरे, राहुल वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी एसके तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी, राजेन्द्र मालवीय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने मशीन की पूजा करके शहर के खंभों पर लाइट दुरुस्त करने के लिए रवाना किया। आज पहले दिन कर्मचारियों ने लिफ्टर का प्रयोग करते हुए गुरुद्वारा के सामने बस स्टैंड से रैन बसेरा तक के खंभों पर खराब हो चुकी केबल को बदला।
इस अवसर पर सभापति भरत वर्मा ने कहा कि नगर पालिका लगातार शहर में व्यवस्थाओं में सुधार का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए यह लिफ्टर लेकर आए हैं। विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल ने कहा कि लिफ्टर के आ जाने से खंभों पर बिजली सुधार के कार्य में आठ से दस गुना तक तेजी आएगी।
अब तेजी से हो सकेगा बिजली व्यवस्था में सुधार
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








