होशंगाबाद। कल-कल, अविरल पावन नर्मदा तथा तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में आज से 4 दिनी मेला शुरु हो गया है। मेले का शुभारंभ कमिश्नर उमाकांत उमराव ने किया। कमिश्नर ने मां नर्मदा को जल, पुष्प, फल तथा अक्षत अर्पित कर आरती की। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश लवानिया, एसपी अरविन्द सक्सेना, जनपद पंचायत होशंगाबाद की अध्यक्ष संगीता सोलंकी, सहायक कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े, एसडीएम मनोज उपाध्याय, तहसीलदार राजेश बौरासी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कमिश्नर ने मेले में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने नदी में आते हैं। उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। मेला स्थल में सफाई नियमित रूप से करायें। मां नर्मदा में किसी भी तरह की गंदगी तथा अपशिष्ट पदार्थ न जाने पाये इसके लिए उचित प्रबंध करें। इस दौरान लोगों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न दुकानें भी लगाई हैं। कमिश्नर ने हाट दुकानों का अवलोकन भी किया।
कुश्ती प्रतियोगिता कल
प्रदेश के स्थापना दिवस की वर्षगांठ पर 3 दिवसीय कार्यक्रम जिले भर में हो रहे हैं। इसी क्रम में 3 नवंबर को बान्द्राभान मेला स्थल में कुश्ती प्रतियोगिता दोपहर बाद 3 बजे से होगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद राव उदय प्रताप सिंह करेंगे। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सोहागपुर विजयपाल सिंह तथा अध्यक्ष जनपद पंचायत होशंगाबाद संगीता सोलंकी उपस्थित रहेंगी।








