कुछ लोग किसानों को बरगलाने का काम कर रहे

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दावा
इटारसी। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाह के नगर आगमन पर आज मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी के नेतृत्व में यहां विश्राम गृह में उनका आत्मीय स्वागत किया। श्री कुशवाह सड़क मार्ग से भोपाल से इटारसी आए तथा यहां से पुणे-पटना एक्सप्रेस से पटना के लिए रवाना हुए। यहां जयकिशोर चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदेश पुरोहित, गोलू मालवीय, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुर्तुजा खान, मोर्चा के नगर अध्यक्ष दिलीप पटेल, अनुसूचित जाति मोर्चा के नगर अध्यक्ष मनजीत कलोसिया, पिछड़ा वर्ग मोर्चा से मंत्री श्रीमती प्रियंका चौहान, सोशल मीडिया प्रभारी नीलेश चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में श्री कुशवाहा ने कहा कि वे सभी जगह जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस तरह के प्रवास से जीवंत संपर्क हो जाता है। यहां के पदाधिकारियों और सदस्यों से मिले हैं। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में मोर्चा की भूमिका के सवाल पर कहा कि प्रदेश में आधी से अधिक आबादी पिछड़ा वर्ग की है। यह करीब 52 फीसदी है। हमारे प्रधानमंत्री का ही नारा है, सबका साथ, सबका विकास। हम इसी के अनुरूप चल रहे हैं। इन वर्गों के विकास के लिए धरातल पर जाना होता है, हम उसी तरह से काम कर रहे हैं। अधिकतर किसान इसी वर्ग से आते हैं और किसान प्रदेश सरकार से नाखुश है, यह सवाल करने पर बोले, उनसे अब तक ऐसा कोई नाराज किसान नहीं मिला है, कुछ लोग हैं जो बरगलाने का काम कर रहे हैं। यदि कहीं कोई कमी है, सुझाव आए तो उसमें सुधार भी अवश्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों का दर्द जानते हैं, यही कारण है कि उन्होंने प्याज के दाम नहीं मिल रहे थे, तब किसानों का सारा प्याज खरीदा। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में भी किसान हितैषी सरकार है, हम किसानों की चिंता करते हैं।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!