दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक
इटारसी। भारत संचार निगम के दफ्तर में दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में उपस्थित सांसद राव उदयप्रताप सिंह ने कंपनी के अधिकारियों से निजी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा का रुख अपनाने और मार्केटिंग की गतिविधि बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सांसद के साथ ही सदस्य दिनेश शर्मा, आदित्य प्रताप सिंह ने होशंगाबाद दूरसंचार जिले में सेवाओं के विकास तथा विस्तार के परामर्श दिए।
सांसद श्री सिंह ने कहा कि पचमढ़ी, मढ़ई तथा जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल सेवाओं के विस्तार, कवरेज की दृष्टि से कमजोर कुछ शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों में गति लाने, दूरसंचार के बकाया राजस्व की वसूली, सघन और व्यावसायिक क्षेत्रों में नि:शुल्क वाईफाई सेवाएं प्रारंभ करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि नई कालोनियों में निर्माण के समय ही बीएसएनएल की कनेक्टिंविटी का प्रावधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे नवनियुक्त जिला प्रबंधक अरुण मेहतो ने सांसद और समिति के सदस्यों के सुझाए गए मुद्दों पर त्वरित निदान की बात कही। श्री मेहतो ने परामर्श पर अविलंब अमल के लिए उपस्थित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। संचालन संध्या सोनी ने किया तथा योगेश देवास्कर ने आभार प्रदर्शन किया।
निजी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा पर जोर दें : सांसद
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








