दिल्ली में हॉकी टूर्नामेंट में जिले को भी आमंत्रण
इटारसी। नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक होने वाले छटवे आल इंडिया दौलतराम वर्मा मेमोरियल आमंत्रण इंटर स्कूल हॉकी टूर्नामेंट के लिए होशंगाबाद जिला हॉकी संघ की टीम को भी आमंत्रित किया है। आयोजन समिति के सचिव राजकुमार वर्मा की ओर से भेजे पत्र में जिले की टीम भेजने का आग्रह किया गया है। प्रतियोगिता में लड़कियों की टीम भी जा सकती है, इसके लिए भी डीएचएस से संपर्क किया जा सकता है।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता एस्ट्रोटर्फ मैदान में होगी और प्रतियोगिता में जाने वाली टीम में सीनियर अंडर 17 के लिए वे खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे जो 1 जनवरी 2001 के बाद जन्में हों। इसी तरह से जूनियर अंडर 15 में वे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं जो 1 जनवरी 2003 के बाद जन्में हों। प्रतियोगिता में जाने वाली टीम के लिए जिन भी खिलाडिय़ों को शामिल होना हो, वे जिला हॉकी संघ के कार्यालय में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।