इटारसी। शहर के वकील एसडीएम के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। बार एसोसिएशन का कहना है कि एसडीएम की कार्यप्रणाली नियम विरुद्ध है। वकीलों को प्रशिक्षु आईएएस हिमांशुचंद्र की कार्यप्रणाली पसंद नहीं आ रही है। अधिवक्ता संघ ने अपने निर्णय के प्रकाश में कुछ मामले गिनाए हैं जिनसे एसडीएम चर्चा में रहे हैं। संघ का कहना है कि दो दिन पूर्व ही एसडीएम ने एक अधिवक्ता का वकालतनामा सिर्फ इसलिए खारिज कर दिया, क्योंकि अधिवक्ता ने उस पर तारीख अंकित नहीं की थी। इससे पूर्व एक अधिवक्ता को कथित रूप से कोर्ट की अवमानना का नोटिस जारी किया था। कुछ दिन पूर्व पुरानी इटारसी राम विवाह में कार्यक्रम के दौरान साउंड बाक्स उठा लिया तो एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता पर भी इसलिए नाराज हो गए थे कि वे एक कालोनी की समस्या लेकर वहां के नागरिकों के साथ पहुंच गईं थीं। उनको कह दिया था कि भीड़ लेकर उनके आफिस में न आएं।
आज बार रूम में अधिवक्ता संघ इटारसी की एक बैठक हुई। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस एसडीएम हिमांशु चन्द्र के खिलाफ वकीलों ने एकजुटता दिखाते हुए एसडीएम कोर्ट के बहिष्कार का निर्णय लिया। यह निर्णय हुआ कि संघ का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम के खिलाफ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने जाएगा। जहां एसडीएम को हटाने की मांग की जाएगी।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रघुवंश पांडेय का कहना है कि हम मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन, मुख्य सचिव, कमिश्रर, कलेक्टर के साथ ही बार कौंसिल को भी पत्र प्रेषित कर रहे हैं। उन्होंने सनद का अपमान किया है, यह बर्दाश्त नहीं होगा।
सचिव पारस जैन ने कहा कि हमारा प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को कलेक्टर से मिलने जा रहा है। हम सात दिन में एसडीएम को यहां से हटाने की मांग करेंगे। यदि हमारी मांगों को नहीं माना गया तो फिर हम चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इस दौरान एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार भी किया जाएगा।
धरना देंगे अधिवक्ता
वकील कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर एसडीएम हिमांशुचंद्र को यहां से हटाने के लिए सात दिन का वक्त कलेक्टर को देगा। यदि सात दिनों में कार्यवाहीं नहीं होती है तो फिर अधिवक्ता संघ धरना आंदोलन करेगा। अधिवक्ता संघ के सचिव पारस जैन ने बताया कि बार एसोसिएशन की बैठक में एसडीएम के खिलाफ प्रस्ताव पारित हुआ है। गुरुवार को संघ का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन देने जाने वाला है। हमारी मांग पूरी नहीं की जाती है तो हम चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों ऐसे कई घटनाएं हुईं जिसमें एसडीएम के व्यवहार के कारण वकीलों और पक्षकारों को परेशान होना पड़ा है।
इनका कहना है…!
अधिवक्ता संघ की कोई मीटिंग हुई है, इसकी मुझे कोई खबर ही नहीं है। इस पर मैं क्या कह सकता हूं।
हिमांशुचंद्र, एसडीएम








