युवाओं ने निकाली वाहन रैली
इटारसी। पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलाद उन्नवी पर नगर में जुलूस निकाला जाएगा। मुख्य जलसा अंजुमन स्कूल में होगा। इस दिन शहर में तीन मुख्य जुलूस निकाले जाएंगे जो बाजार क्षेत्र में एक होंगे। आज जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मुस्लिम युवाओं ने शहर में एक वाहन रैली भी निकाली है।
पहला जुलूस सुबह 8 बजे ग्वाल बाबा के पास स्थित हुसैनी मस्जिद से निकलेगा। यह जुलूस नाला मोहल्ला में ही नूरानी मस्जिद पहुंचेगा यहां से यह जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर हाजी मंजिल पहुंचेगा। हाजी मंजिल पर जुलूस का स्वागत कार्यक्रम रहेगा। यहां से जुलूस ईदगाह मस्जिद आएगा और फिर टेलीफोन एक्सचेंज के सामने से जनता टाकीज के सामने होकर रेस्ट हाउस चौराह पर पहुंचेगा। यहां से पीपल मोहल्ला का जुलूस इस जुलूस में मिल जाएगा। यहां से यह संयुक्त जुलूस गांधी स्टेडियम के पास से देशबंधुपुरा होकर भारतीय स्टेट बैंक चौराह, भारत टाकीज चौराह, सब्जी मंडी होकर तेरहवी लाइन, सातवी लाइन से सराफा बाजार, यहां से नीमवाड़ा होकर जयस्तंभ पहुंचेगा। इसके बाद रेलवे स्टेशन, आरएमएस आफिस चिकमंगलूर चौराह होकर पोस्ट आफिस के सामने से अंजुमन स्कूल के सभागार में जलसा, तकरीर के बाद समापन होगा।
पैगम्बर साहब की निशानियों का दीदार रविवार से
पैगम्बर साहब की पवित्र निशानियों का दीदार रविवार से अंजुमन स्कूल में शुरू होगा जो सोमवार को खत्म होगा। अंजुमन स्कूल के रूबीन खान ने बताया कि हजरत साहब की पवित्र निशानियां 3 दिसंबर को शाम 4 बजे तक बाबई से इटारसी पहुंच जाएंगी। इसके बाद उनका दीदार किया जा सकेगा। सोमवार को सारा दिन इनका दीदार होगा। निशानियां लेकर तमिलनाडू से अब्दुल्ला हुसैनी चिश्ती उल कादरी आ रहे हैं।








