स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के लिए धर्माचार्य, व्यापारी आए आगे
इटारसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के अंतर्गत देशभर के चार हजार से अधिक नगरीय निकायों के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा में ईंट और रस्सी के इस शहर को अव्वल लाने के लिए अब आमजन और समाज का हर वर्ग जुडऩे लगा है। समय कम है, लेकिन समाज ने जिम्मेदारी ली है तो उम्मीद की किरण भी जागी है। आज शहर के विभिन्न धर्मों के धर्माचार्यों ने नपा कार्यालय में इस बात का भरोसा दिलाया कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है। शाम को व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल नगर पालिका या सरकार की नहीं, अपना शहर स्वच्छता में पहली पायदान पर आए, इसके लिए हम सब अपना योगदान देंगे।
धर्मगुरु बोले, हम साथ हैं
सुबह नपा में सीएमओ अक्षत बुंदेला के कक्ष में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और समाज के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मौजूद पं. नरेन्द्र शास्त्री, पं. प्रभात शर्मा, गुरुसिंघ सभा से ज्ञानी गुरनाम सिंघ, पं.विकास शर्मा, राजकुमार शर्मा, क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष जयराज सिंह भानू, सीएमओ श्री बुंदेला, सभापति राकेश जाधव, एचओ एसके तिवारी, कमलकांत बडग़ोती सहित अन्य लोग उपस्थित थे। तय किया कि मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री और फूल मालाओं को एकत्र करने एक वाहन चलाया जाएगा जो केवल यही कार्य करेगा। इसका प्रयोग नपा खाद बनाने में करेगी। धार्मिक आयोजनों में आने वालों को स्वच्छता के लिए जागरुक किया जाएगा। धार्मिक त्योहारों पर निकलने वाली सामग्री के लिए भी विशेष रूप से वाहन तय किए जाएंगे।
व्यापारियों ने कहा, बदलेंगे आदत
शहर के बाजार में होने वाले कचरे की समाप्ति के लिए व्यापारियों ने कहा कि नपा के सहयोग से हम आदतें बदलेंगे। नपा कचरा वाहन दुकान बंद करने के वक्त पर मुहैया कराएगी, सभी उसमें कचरा डालेंगे, अब सड़क पर कचरा नहीं फैकेंगे। बैठक में मौजूद विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, जसबीर सिंघ छाबड़ा, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष दीपक हरिनारायण अग्रवाल, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष एवं पार्षद यज्ञदत्त गौर, होटल-हलवाई संघ से राजसिंह राजपूत, किराना व्यापारियों की ओर से कर्मवीर गांधी, कपड़ा व्यापारियों की ओर से सनमुखदास चेलानी, कन्हैया गुरयानी ने अपने विचार रखे। दीपक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल नपा या सरकार का ही काम नहीं है, हमें समझना और इसे आदत में लाना होगा। शहर को नंबर वन पर लाने के लिए केवल नपा की जिम्मेदारी समझना बेमानी होगी। विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल ने कहा कि तीन वर्ष के कार्यकाल में शहर की तस्वीर बदली है, सभी पार्षद सक्रिय हैं, प्रतियोगिता तो अब हो रही है, हमारे कचरा वाहन या वार्ड स्तर तक सफाई बहुत पहले से हो रही है। जो कमियां हैं, उन पर सुझाव दें तो हम और बेहतर कर पाएंगे।
ये सुझाव आए बैठक में
* कचरा डंपिंग वाले स्थान पर प्लांट लगाकर कचरा खत्म करें
* बाजार क्षेत्र में शौचालय या यूरिनल की पर्याप्त संख्या बढ़ाएं
* नए बन रहे काम्पलेक्स में टॉयलेट की अनिवार्य व्यवस्था हो
* व्यापारी सख्ती से पॉलिथिन का प्रयोग बंद कर सहयोग करें
* अपनी दुकान के बाहर अनिवार्य रूप से दो डस्टबिन रखे जाएं
* सफाई से लक्ष्मी आती है, शहर साफ रखेंगे तो व्यापार भी बढ़ेगा
* अटल पार्क के शौचालय में सुधार करें ताकि लोगों को परेशान न हो
* हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर स्वच्छता एप्स में शिकायत करें
ये होगा अब आगे
* बाजार का कचरा एकत्र करने पुराने फल बाजार, जयस्तंभ के पास, पोस्ट आफिस गली में कचरा वाहन रात 9 से 11 तक खड़े रहेंगे
* डंपिंग ग्राउंड बायपास रोड न्यास कालोनी से कचरे का खात्मा आगामी 9 माह के भीतर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा
* चिकमंगलूर चौराहे के पास सर्वसुविधायुक्त सुलभ काम्पलेक्स का निर्माण आगामी एक पखवाड़े में प्रारंभ कर दिया जाएगा
एक नज़र इधर भी
* नपा ने कमला नेहरु पार्क, कोर्ट परिसर में शौचालय बनाए, अस्पताल परिसर में निर्माण जारी, चिकमंगलूर पर जल्द बनेगा
* न्यास के बायपास रोड पर कचरा डंपिंग स्थान पर खाद बनाने का प्लांट जल्द ही लगाया जाएगा, टेंडर प्रक्रिया जारी है
* फल बाजार के शौचालय में सफाई की कमी पर चिंता, सीएमओ ने कहा, सुलभ से बात करेंगे, नहीं तो ठेका निरस्त होगा
इनका कहना है…!
आज दो बैठकें हुईं, धर्मगुरुओं और व्यापारियों से अच्छे सुझाव आए हैं। आने वाले दिनों में इन पर अमल शुरु किया जाएगा। सबके सहयोग से ही हम अपने शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में अव्वल लाने का प्रयास करेंगे।
अक्षत बुंदेला, सीएमओ








